
आजमगढ़। जीयनपुर थाना पुलिस ने शादी के लिए दबाव बनाने और मना करने पर मोबाइल टावर पर चढ़कर धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार दोपहर गोगा साव तिराहे से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अजमतगढ़ क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी शादी कहीं अन्यत्र तय हो चुकी है। इसके बावजूद अलीनगर अजमतगढ़ निवासी अजीम पुत्र असगर उस पर खुद से शादी करने अथवा रुपये देने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवती के इनकार करने पर अजीम मोबाइल टावर पर चढ़ गया और धमकी देने लगा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना जीयनपुर में मुकदमा संख्या 0341/2026 धारा 308(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस ने शनिवार को करीब 3:00 बजे गोगा साव तिराहे से आरोपी अजीम (28) निवासी अलीनगर अजमतगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव और हेड कांस्टेबल केश्वेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे।
