
मृतक के भाई दीपू अग्रहरि ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 29 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे उनके बड़े भाई सतीश अग्रहरि के साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने गौराबादशाहपुर निवासी राजेश विश्वकर्मा उर्फ कम्बली पर सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। हालांकि, घटनाक्रम में कम्बली विश्वकर्मा का नाम भी सामने आया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घटना को लेकर आजमगढ़ और जौनपुर जिले की पुलिस के बीच भी घटनाक्रम को लेकर कार्रवाई हुई। मारपीट की कथित घटना बरदह थाना क्षेत्र में हुई, जबकि युवक की मौत जौनपुर जिले में हुई। सूचना पर गौराबादशाहपुर पुलिस आरोपी को अपने थाने ले गई थी। बाद में बरदह पुलिस उसे अपने साथ ले आई। गौराबादशाहपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सतीश अग्रहरि दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी माला देवी, तीन बेटे सौरभ (23), शुभम (27), प्रियेश (19) और बेटी शिवानी (25) हैं। सभी बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। पति की मौत के बाद पत्नी माला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
गौराबादशाहपुर के थानाध्यक्ष प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम जौनपुर में कराया जा रहा है, जबकि मुकदमा बरदह थाने में दर्ज किया गया है। बरदह थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
