
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान आजमगढ़ के भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पदयात्रा के दौरान उनके सिर पर लोहे की वस्तु गिर गई, जिससे उन्हें चोट आई। घटना के तत्काल बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका सीटी स्कैन सहित अन्य आवश्यक जांच की। सिर में चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने चार टांके लगाए। उपचार के बाद अस्पताल से लौटने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और आजमगढ़ जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने फोन कर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस पर ध्रुव सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं के सम्मान और सुख-दुख का विशेष ध्यान रखा जाता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते हैं। नेताओं द्वारा फोन कर हालचाल लेने से उन्हें आत्मीयता और अपनत्व का अनुभव हुआ।
उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं को हृदय से धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।
