मार्ग के मोड़ के समीप अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, ग्रामीणों में दहशत, पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी

Uncategorized

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बिलरियागंज-भीमबर मार्ग पर कांखभार गांव के पिपराहा मोड़ के पास मंगलवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह ग्रामीण रोज की तरह शौच के लिए घरों से बाहर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना बिलरियागंज पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
शव मिलने की घटना के बाद से क्षेत्र में भय और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *