
आजमगढ़। शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में लगाए गए पटाखा बाजार में खरीदारी को लेकर हुए मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 8/9 नवंबर की रात डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित पटाखा बाजार में पटाखा खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें एक मुकदमा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में भी दर्ज किया गया है। सोमवार 9 नवंबर को उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने डीएवी कॉलेज के पास सिविल लाइन से दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए गए लोगों में पहले पक्ष के रितेश सोनकर उर्फ अंगद सोनकर (32) निवासी हथिया, थाना सिधारी और प्रदीप सोनकर (37) निवासी कदमघाट, कालीनगंज शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष के महेंद्र गुप्ता (49), सोनू दास (37) और इशान (18) को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, रितेश सोनकर के विरुद्ध वर्ष 2022 में भी कोतवाली में मारपीट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
