
आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने गोतस्करी गैंग का खुलासा करते हुए शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को अचलीपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन में प्रतिबंधित गोवंशीय पशुओं की तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर तस्कर वाहन लेकर फरार हो गए और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए भाग निकले। बाद में गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप छोड़कर तीनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से पांच प्रतिबंधित गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद कर गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।विवेचना के दौरान संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम के नाम प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में इनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था।शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सुखीपुर के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में जहानागंज थाना क्षेत्र के समस्तीपुर निवासी 24 वर्षीय संतोष यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में अतरौलिया थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गोवध, गैंगस्टर, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी तथा आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
