फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मंडलीय उप निदेशक (पंचायत) कार्यालय के नाम पर कूटरचित नियुक्ति पत्र और आदेश किए थे जारी, कुशीनगर का रहने वाला है आरोपी

Uncategorized

आजमगढ़। मंडलीय उप निदेशक (पंचायत) कार्यालय के नाम पर कूटरचित नियुक्ति पत्र और आदेश जारी कर धोखाधड़ी करने के मामले में सिधारी पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश मणि त्रिपाठी (46) पुत्र सुभाष चन्द्र मणि त्रिपाठी निवासी सवायां टोला मउववा, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में आजमगढ़ में कमिश्नरी कार्यालय के सामने रहता था।
पुलिस के अनुसार, मंडलीय उप निदेशक (पंचायत) कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात सुनील कुमार सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उक्त कार्यालय के नाम पर फर्जी तरीके से नियुक्ति पत्र और आदेश तैयार कर जारी किए गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना सिधारी में मु0अ0सं0 443/2026 के तहत बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर होमगार्ड ग्राउंड के पास से सुबह करीब 11:25 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *