






आजमगढ़। जनपद के शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत रौनापार थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पलिया में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
चोरों ने विद्यालय के कमरे का ताला काटकर अंदर रखा गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह जब प्रधानाध्यापक विनय कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया। प्रधानाध्यापक ने तुरंत रौनापार थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
विद्यालय में मिड-डे मील के लिए उपयोग होने वाला गैस सिलेंडर चोरी हो जाने से बच्चों के भोजन पर भी असर पड़ सकता है, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
