सड़क हादसे में घायल किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की मौत, परिवार में मचा कोहराम, वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा था उपचार, बाइक की टक्कर से सिर में आई थी गंभीर चोट

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उमरी गनेशपुर गांव निवासी एवं किसान इंटर कॉलेज बहादुरपुर भोपालपुर के प्रधानाचार्य विशंभर यादव (70) की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय लोचन यादव के पुत्र विशंभर यादव बुधवार को किसी आवश्यक कार्य से गोसाई की बाजार जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर बरवा मोड़ के पास ऊंचवा रसूलपुर क्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिकरगाढ़, लालगंज ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां कई दिनों तक उनका उपचार चला, लेकिन शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
प्रधानाचार्य विशंभर यादव के निधन से शिक्षा जगत के साथ ही क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। उनके निधन पर लोगों ने गहरा दुख जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *