महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास, दो महिलाएं गिरफ्तार, लोगों की मदद से मौके पर ही पकड़ी गईं दोनों आरोपी, चोरी और छिनैती के कई मुकदमे हैं दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर मोड़ स्थित नहर पुलिया के पास एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास कर रही दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ आजमगढ़, मऊ और देवरिया सहित विभिन्न जनपदों में चोरी और छिनैती के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को मोलनापुर मोड़ नहर पुलिया के पास दो महिलाओं ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक पुलिस बल एवं महिला आरक्षियों के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पकड़ी गई महिलाओं की पहचान रौनापार थाना क्षेत्र के बेलकुण्डा गांव निवासी मीरा (35) पत्नी राजेश और बिलरियागंज थाना क्षेत्र के काखभार तेन्दुआ गांव निवासी संध्या (24) पत्नी अरुण के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को 20 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, मीरा के खिलाफ पूर्व में चोरी, लूट और आयुध अधिनियम समेत पांच अन्य मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संध्या के खिलाफ मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ बिलरियागंज थाने में भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक, कांस्टेबल सतपाल सिंह, महिला कांस्टेबल नीलम देवी और रिजर्व महिला कांस्टेबल हर्षिता द्विवेदी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *