
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शुक्रवार को आजमगढ़ में योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाकर धर्म और जाति की राजनीति कर रही है।
पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दुर्घटनाओं पर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्हें प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और दबंगों द्वारा किए जा रहे अत्याचार पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को समय से खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। अधिकारियों की मिलीभगत से खाद-बीज की कालाबाजारी हो रही है। आए दिन बिजली कटौती से लोग परेशान हैं और प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर बात नहीं करती।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को धर्म और मजहब की राजनीति करने के बजाय प्रदेश की 25 करोड़ जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही है।
वहीं, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सजातीय अपराधियों को संरक्षण देकर प्रदेश में अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं। प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है और गुंडाराज कायम हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार संविधान, लोकतंत्र तथा आरक्षण को समाप्त करना चाहती है। पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के अधिकारों को छीना जा रहा है। प्रोफेसर पदों की भर्तियों में मुख्यमंत्री की जाति के लोगों को प्राथमिकता दी गई, जबकि पिछड़े, दलित और महिलाओं को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला।
श्यामलाल पाल ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगा और सामाजिक न्याय का रास्ता प्रशस्त करेगा।
दोनों नेता ग्राम कटौली, लालगंज निवासी वसीम अहमद की भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए आजमगढ़ आए थे। इस दौरान उन्होंने अनवरगंज में प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत की। उनके आगमन पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक नफीस अहमद, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व विधायक आदिल शेख, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला सचिव विनीत राय, जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव और वीरू यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
