
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के करछा स्थित मंदिर की दान पेटिका तोड़कर रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के 452 रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी ज्ञानप्रकाश यादव उर्फ ज्ञानू (44) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, करछा गांव निवासी लखन्दर यादव पुत्र अवधेश यादव ने 20 नवंबर को सरायमीर थाने में तहरीर देकर बताया था कि 19 नवंबर को दोपहर करीब 12:44 बजे अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर दान पेटिका तोड़ दी और उसमें रखे रुपये चोरी कर लिए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक विद्याकान्त सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और वांछितों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मंदिर में चोरी करने वाला आरोपी बस्ती बाजार स्थित एक मंदिर के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के 452 रुपये मिले।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने 19 नवंबर को करछा मंदिर की दान पेटिका से करीब 1200 से 1300 रुपये चोरी किए थे। इसमें से अधिकांश रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए, जबकि 452 रुपये उसके पास बचे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विद्याकान्त सिंह, हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह और कांस्टेबल सूरज पाण्डेय शामिल रहे।
