शहर में 30–35 करोड़ की सार्वजनिक पोखरी भूमि पर कब्जे का आरोप, भाजपा नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के सदर तहसील अंतर्गत निजामाबाद परगना के मौजा शिवली स्थित मुहल्ला मुकेरीगंज में सरकारी पोखरी की बहुमूल्य भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों ने भाजपा नेता पूर्व नगर अध्यक्ष विनय प्रकाश गुप्त व नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, आराजी संख्या 204, रकबा 920 कड़ी, जो कि खाता संख्या 132 की सार्वजनिक भूमि (पोखरी) के रूप में दर्ज है, आजमगढ़–गोरखपुर मुख्य मार्ग पर शहर के मध्य राजकीय पॉलिटेक्निक विद्यालय के बगल चौराहे पर स्थित है। भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 30 से 35 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

आरोप है कि उक्त सार्वजनिक भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा विकास प्राधिकरण, तहसील प्रशासन एवं पुलिस विभाग की मिलीभगत से, दबंगों और गुंडों के बल पर कब्जा किया जा रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सरकारी संपत्ति को भारी क्षति पहुंचने की आशंका है।
भाजपा नेताओं ने इसे जनहित एवं सरकार हित का मामला बताते हुए मांग की है कि आराजी संख्या 204 का तत्काल सीमांकन कराया जाए, पोखरी की भूमि को सुरक्षित किया जाए, किए गए अवैध कब्जे को हटाया जाए, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायत के साथ खसरा बंदोबस्त 1359 फसली, मौजा शिवली का नक्शा, स्वर्गीय रविन्द्र नाथ पाण्डेय का प्रार्थना-पत्र सहित अन्य अभिलेख संलग्न किए गए हैं, जिससे भूमि के सार्वजनिक होने की पुष्टि होती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच कराए तो सरकारी पोखरी की भूमि को भू-माफियाओं के चंगुल से बचाया जा सकता है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में कब और क्या कार्रवाई करता है।
इस दौरान भाजपा नेता विनय प्रकाश गुप्त, नगर अध्यक्ष, मृगांक शेखर सिन्हा, विशाल श्रीवास्तव, मनोज कुमार जायसवाल, मोनू गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *