कोटेदार और सीएचओ की आईडी से आजमगढ़ में प्रतिदिन दस हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश, खसरा रुबेला को लेकर भी चलेगा टीकाकरण अभियान

Uncategorized

आजमगढ़: जिला स्वास्थ्य समिति बैठक के उपरांत स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु दस महत्वपूर्ण निर्देश जारी हुए हैं। हाल ही में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा द्वारा जनपद के समस्त अधीक्षकों, प्रभारी चिकित्साधिकारियों, डीपीएमयू आयुष्मान भारत एवं अन्य जिला स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि कार्ड निर्माण सीएचओ अथवा कोटेदार की आईडी से सुनिश्चित किया जाए तथा प्रतिदिन लगभग 10000 कार्ड निर्माण के लक्ष्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। ग्राम स्तर पर बेहतर समन्वय हेतु संयुक्त आईडी बनाए जाने पर भी जोर दिया गया है।
खसरा-रूबेला एमआर टीकाकरण अभियान के सफल संचालन हेतु डिजिटल आईइसी सामग्री तैयार कर जिला पंचायत राज अधिकारी , जिला कार्यक्रम अधिकारी , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जा सके।
गैर संचारी रोग एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत डायबिटीज एवं हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग को युद्धस्तर पर बढ़ाने तथा उपलब्धि राज्य औसत से कम न रहने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
फूलपुर क्षेत्र में जेएसवाई डिलीवरी की कम प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित आशाओं को नोटिस जारी कर चिन्हित मामलों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कोयलसा क्षेत्र में प्रथम त्रैमासिक एएनसी एवं अन्य स्वास्थ्य मानकों की कम उपलब्धि पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने तथा लापरवाही की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इसके अतिरिक्त यू-विन पोर्टल पर नियमित टीकाकरण डेटा अपलोड, राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला महिला चिकित्सालय और SNCU में शिशु मृत्यु दर कम करने तथा 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम 7 मिनट से कम रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक की छात्राओं को गुलाबी तथा कक्षा 6 से 10 तक की छात्राओं को नीली आयरन गोलियों का शत-प्रतिशत वितरण एवं पोर्टल पर डेटा अपलोड सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, FRU केंद्रों पर सी-सेक्शन ऑपरेशन की बेहतर प्रगति को प्रोत्साहित करने हेतु 100 बेड अस्पताल लालगंज एवं जीएमसी मेडिकल कॉलेज, आजमगढ़ को आगामी डीएचएस बैठक में प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने की बात कही गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुख बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *