आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में रविवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे अपने खेत में गेहूं की सिंचाई कर रहे कुछ लोगों ने बगल में स्थित तालाब में एक लाश उतराई हुई देखी। उन्होंने गांव में इसकी सूचना दी। धीरे-धीरे सूचना क्षेत्र में फैल गई। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना थानाध्यक्ष अतरौलिया को दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अतरौलिया सविंद्र राय ने पुलिस टीम के साथ शव को तालाब से निकलवाया तो शव लड़की का था, जिसका दोनों पैर बंधे हुए थे। काफी दिनों का पुराना शव लग रहा था। लाश पानी में किसी पत्थर से डुबोई गई थी। कई घंटे की मशक्कत के बाद ग्राम समडीह थाना राजेसुल्तानपुर जिला अंबेडकर नगर निवासी अनिल कुमार वहाँ पहुंचे और उन्होंने उस शव की पहचान अपनी पुत्री निधि उम्र लगभग 16 वर्ष के रूप में की। अनिल कुमार ने बताया कि उसकी पुत्री निधि इंटरमीडिएट की छात्रा थी। 29 दिसंबर को रात साढ़े दस बजे अपने घर से लापता हुई थी। पचरी भवनाथपुर चौराहे से कुछ लोग उसे अगवा करके फरार हो गए थे। इस संदर्भ में उसने थाना राजेसुल्तानपुर में प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन पुलिस टाल मटोल करके दोषियों को बचाने में जुटी रही। पीड़ित अनिल कुमार ने बताया कि वह कई बार पुलिस अधीक्षक अंबेडकर नगर को प्रार्थना पत्र दिया जिससे संबंधित थाना उसके ही खिलाफ हो गया था। मौके पर लाश मिलने से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वही इस सम्बंध में थानाध्यक्ष अतरौलिया सविंद्र राय ने बताया कि मामले की जांच कर जल्द ही आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल शव को शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय लाया गया।
तालाब में लड़की का शव मिलने से फैली क्षेत्र में सनसनी
अतरौलिया थाना क्षेत्र के पकरडीहा गांव के तालाब का मामला
पुलिस ने लाश को लिया कब्जे में, पोस्टमार्टम के लिए आई मुख्यालय
इस खबर मे एक वीडियो है