टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो बेचने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, ‘Lolly Seller’ चैनल चलाकर करता था ऑनलाइन कमाई

Uncategorized

आजमगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम चैनल के माध्यम से अश्लील फोटो और वीडियो बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी “Lolly Seller” नाम से टेलीग्राम चैनल संचालित कर ग्राहकों को अश्लील सामग्री बेचता था और भुगतान ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी तथा कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल और जीयनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को साइबर सेल को सूचना मिली कि एक युवक टेलीग्राम के जरिए अश्लील सामग्री बेच रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने चंगईपुर तिराहा स्थित डॉ. रामनरेश कॉलेज के सामने से संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम चैनलों पर अश्लील फोटो-वीडियो बेचने तथा ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने से जुड़े कई डिजिटल साक्ष्य मिले।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीयनपुर थाना क्षेत्र के स्वरूपपुर अमुवारी नारायणपुर निवासी 21 वर्षीय आकाश चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 2,530 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह “Lolly Seller” नाम से टेलीग्राम चैनल चलाता था। वह विभिन्न टेलीग्राम ग्रुपों में अश्लील फोटो और वीडियो के स्क्रीनशॉट साझा कर ग्राहकों को आकर्षित करता था और लगभग 400 रुपये प्रति वीडियो के हिसाब से सामग्री बेचता था। उसने बताया कि भुगतान ऑनलाइन माध्यम से लिया जाता था तथा बरामद नकदी इसी अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि का हिस्सा है। आरोपी इंटरनेट से अश्लील वीडियो डाउनलोड कर उन्हें एडिट करने के बाद ग्राहकों को भेजता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो, फोटो, टेलीग्राम चैट और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। अब इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
इस मामले में जीयनपुर थाने पर संबंधित धाराओं के तहत तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67A और 67B में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री का निर्माण, प्रसारण, खरीद-बिक्री या साझा करना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *