महानवमी पर चौक के आसपास लगा भीषण जाम, तिराहे पर फंसी एंबुलेंस; असहाय नजर आई पुलिस

Uncategorized

आजमगढ़। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को शहर के मुख्य चौक और आसपास के इलाकों में भारी भीड़भाड़ देखने को मिली। इस दौरान मुख्य चौक से पुरानी कोतवाली मार्ग पर दलालघाट रोड तिराहे के पास भीषण जाम लग गया। दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही बाधित होने के कारण सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे हो गए कि एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। हालांकि, एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था और वह किसी को लेने जा रही थी।
जाम के दौरान पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के लिए काफी देर तक मशक्कत करते रहे, लेकिन दोनों तरफ से आ रहे वाहन चालक पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इससे समस्या और गंभीर हो गई। तिराहे पर वाहनों के फंसने से दलालघाट रोड के साथ ही पुरानी कोतवाली मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित रहा। बड़े वाहनों को निकलने में भी काफी परेशानी हुई।
महानवमी पर उमड़ी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था लड़खड़ाती नजर आई। जाम के कारण आम राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। मौके पर पुलिसकर्मी भी जाम खुलवाने के लिए जूझते दिखाई दिए, लेकिन वाहनों की अधिकता और चालकों के पीछे न हटने से स्थिति लंबे समय तक बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *