






आजमगढ़। समाज को गरीब तबके के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रहे सामाजिक संगठन लायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा रविवार को केएन लाल मेमोरियल हॉस्पिटल लक्षिरामपुर आजमगढ़ में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों के मोतियाबिंद की जांच की गई। इस दौरान चयनित 43 मरीजों को ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण के लिए वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल भेजा गया।
शिविर को शुभारंभ डिस्टिक्ट चेयर पर्सन होमियोपैथी लायंस क्लब इंटरनेशनल ख्यातिलब्ध होमियोपैथिक चिकित्सक डा. भक्तवत्सल, अध्यक्ष लायंस क्लब ओमप्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ सर्जन डा. निर्मल श्रीवास्तव, सचिव सुनील अग्रवाल व कोषाध्यक्ष रवि जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डा. भकतवत्सल ने कहा कि लायंस क्लब ने सामाजिक सरोकार में हमेशा बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। समाज के सभी तबकों के उत्थान के लिए कार्य करते हुए यह संगठन आज दुनियां का सबसे बड़ा संगठन बना है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस कारवां को आगे बढ़ाएं। इसी उद्देश्य के तहत आज नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। आगे भी इस तरह के कैंप का आयोजन होता रहेगा। संगठन का मानना है कि समाज को स्वस्थ्य रखकर ही बेहतर देश और समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आरजे शंकरा आई हास्पिटल वाराणसी की टीम ने डा. ऋष्टि पोंडा के नेतृत्व में मरीजों का परीक्षण किया। जो लोग मोतियाबिंद से पीड़ित मिले उन्हें आपरेशन और लेंश प्रत्यारोपण के लिए चयनित किया गया।
लायन सुनील अग्रवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में और भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब हमेशा से ही पीड़ित और मजलूमों की सेवा के लिए कार्य करता रहा है। आने वाले दिनों में हम और भी बेहतर करने का प्रयास करें। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ओम अग्रवाल ने बताया कि शिविर में 180 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। इसमें से 43 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। उक्त मरीजों को बस से आरजे शंकरा अस्पताल आपरेशन के लिए भेजा गया। आपरेशन के बाद मरीजों को को उनके घर पहुंचाया जाएगा। मरीजों को खाने पीने अन्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखते हुए निःशुल्क व्यवस्था की गई है। मरीजों कोे किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए पूरी टीम लगाई गई है। इस दौरान गोकुल दास अग्रवाल, डा. अनुतोष वत्सल, विजय कुमार श्रीवास्तव, गौरव गर्ग, संजय डालमिया, राकेश अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, शशिभूषण गर्ग, अशोक श्रीवास्तव, शोभनाथ अग्रवाल, सुदर्शन दास अग्रवाल, विजय कुमार आदि उपस्थित थे।
