






आजमगढ़। थाना बरदह पुलिस ने ट्रांसपोर्ट के नाम पर ट्रक का नंबर बदलकर 253 कुंतल चावल बेचने के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक अन्तरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक और ₹15,000 नगद भी बरामद किया है।
मामला तब सामने आया जब ग्राम बरदह निवासी नन्दलाल गुप्ता ने 29 जनवरी 2026 को थाना बरदह में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म राहुल ट्रेडिंग कम्पनी से 29 नवंबर 2025 को 253 कुंतल चावल (मूल्य ₹7,08,400) ट्रक संख्या UP65FT-1322 से दुर्ग (छत्तीसगढ़) भेजा गया था, लेकिन माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 30 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पारा गेट के पास ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की। पहचान होने पर आरोपी रामाकान्त यादव उर्फ मेघू यादव (निवासी गाजीपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने ट्रक का असली नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई और चावल को रास्ते में ही एक दलाल को करीब साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया। इस रकम का उपयोग उसने ट्रक की मरम्मत, किस्त और अन्य खर्चों में कर लिया।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
