






आजमगढ़। शहर के नरौली क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइन में आग लगने से मंगलवार को बड़े इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। पुरानी जेल सब स्टेशन से जुड़े करीब 17 से 18 मोहल्लों में सुबह से लेकर देर शाम तक बिजली गुल रही, जिससे भीषण गर्मी में लोग बिजली और पानी दोनों के संकट से जूझते रहे।
बताया जा रहा है कि नरौली के पास कूड़ा जलाने के दौरान उठी आग ने हाईटेंशन केबल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे केबल जल गया और सप्लाई बाधित हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया, लेकिन केबल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरे दिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
इस फाल्ट के चलते मातबर गंज, पुरानी सब्जी मंडी, गुरुटोला, खत्री टोला, सदावर्ती, कुर्मी टोला, कोल बाज बहादुर समेत कई मोहल्लों में अंधेरा छाया रहा। दिनभर बिजली न रहने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों को पानी तक के लिए जूझना पड़ा। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते फाल्ट को ठीक करने में अनावश्यक देरी हुई। लोगों ने कई बार कंट्रोल रूम पर संपर्क किया, लेकिन उन्हें सिर्फ यही जवाब मिलता रहा कि नरौली में आग लगने से फाल्ट हुआ है और मरम्मत का काम जारी है। शाम करीब 7 बजे तक भी अधिकारियों द्वारा बिजली बहाल होने में कुछ और समय लगने की बात कही जाती रही।
गौरतलब है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में बिजली फाल्ट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। चार दिन पहले भी भंवरनाथ क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान पोल हटाने के कारण सुबह से देर शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। लगातार हो रही कटौती और लोकल फाल्ट से लोग परेशान हैं और बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर हो चुकी लाइनों और केबलों की समय रहते मरम्मत कराई जाए, ताकि इस तरह की समस्याओं से राहत मिल सके।
