






आजमगढ़। जनगणना 2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरबंशपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया। कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के शुभारम्भ अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर और विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र यादव ने उपस्थित अधिकारियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स आकाश राय और कुलभूषण सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनगणना के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके लिए जनपद की सभी तहसीलों में अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रगणक और पर्यवेक्षकों को आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। सदर, सगड़ी, लालगंज, फूलपुर, निजामाबाद, बूढ़नपुर, मेंहनगर और मार्टिनगंज तहसीलों में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है, जिसकी निगरानी मास्टर ट्रेनर्स द्वारा की जा रही है।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल प्रणाली पर आधारित होगी, जिसमें संकलित किया गया डेटा सीधे रियल टाइम में सर्वर पर अपलोड होगा। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज बनेगी। खास बात यह है कि पहली बार नागरिकों को स्वगणना की सुविधा भी दी जा रही है। इसके तहत लोग 7 मई से 21 मई 2026 के बीच पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार और घर से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशासन का मानना है कि डिजिटल तकनीक और स्वगणना की सुविधा से जनगणना की प्रक्रिया अधिक सटीक और सरल होगी। साथ ही इससे लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी, जिससे जनगणना के आंकड़े और अधिक विश्वसनीय बन सकेंगे।
