बारात रोककर मारपीट करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी किया बरामद

Uncategorized

आजमगढ़, 18 जुलाई 2026। जीयनपुर थाना पुलिस ने बारात रोककर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को जहानागंज थाना क्षेत्र के नाजिरपुर निवासी राणा प्रताप राजभर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बारात को जीयनपुर थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना जीयनपुर में मु0अ0सं0-275/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत जीयनपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 17 जुलाई को बागखालिस पेट्रोल पंप के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवधन राजभर (24 वर्ष), रामजनम राजभर (23 वर्ष), भोला राजभर (24 वर्ष), जितई उर्फ जितेंद्र राजभर (27 वर्ष) और चंदन राजभर (28 वर्ष) निवासी दाउदपुर, थाना जीयनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त चंदन राजभर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी सगड़ी और प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *