दो कारों और बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक की मौत, पति-पत्नी गंभीर, आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर हादसा, भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के ममेरे भाई की गई जान

Uncategorized

आजमगढ़। आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर रौनापार थाना क्षेत्र की महुला पुलिस चौकी अंतर्गत महुला गांव के पास दो कारों और एक बाइक की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट की तरफ से आजमगढ़ आ रही कार को मृत्युंजय राय (42) पुत्र ऋषिदेव राय उर्फ कप्तान राय, निवासी बर्जी थाना कंधरापुर चला रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ की तरफ से गोरखपुर जा रही दूसरी कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई। दूसरी कार में दिलीप जायसवाल पुत्र बसंत जायसवाल, उनके पुत्र अर्पित जायसवाल और पत्नी सोया जायसवाल सवार थे।
इसी बीच आजमगढ़ की ओर जा रहे बाइक सवार मुन्ना राजभर पुत्र बगेई राजभर और उनकी पत्नी भोली राजभर, निवासी हरथौली थाना दोहरीघाट भी हादसे की चपेट में आ गए। दोनों कारों की टक्कर के दौरान बाइक भी बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत्युंजय राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार मुन्ना राजभर और उनकी पत्नी भोली राजभर की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृत्युंजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
बताया गया कि मृत्युंजय राय दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वह भाजपा के प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के ममेरे भाई बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *