प्रयास अनाज बैंक को ग्रामीणों ने भेंट किया साढ़े तीन कुंतल अनाज, वंचितों की सहायता का लिया संकल्प

Uncategorized

आजमगढ़। “प्रतिदिन निकालें मुट्ठी भर अनाज, जिसे पा सके वंचित समाज” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पल्हना ब्लॉक के कटाई गांव के ग्रामीणों ने प्रयास अनाज बैंक के कोष में साढ़े तीन कुंतल गेहूं एवं चावल के साथ साड़ियां, कपड़े, बिस्किट तथा अन्य उपयोगी सामग्री भेंट कर मानवता और सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी ओंकार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि प्रयास संस्था वर्षों से जरूरतमंद परिवारों, असहाय लोगों तथा गरीब कन्याओं की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संस्था के सेवा कार्यों से प्रेरित होकर ग्रामवासियों ने अनाज बैंक को मजबूत बनाने के लिए अपना योगदान दिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
ओंकार सिंह ने कहा कि ग्रामीणों का यह सहयोग समाज में परस्पर सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया।
प्रयास अनाज बैंक के कोष में योगदान देने वाले अन्नदाताओं का सम्मान करते हुए नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार प्रतिदिन केवल एक मुट्ठी अनाज अलग रखकर महीने के अंत में उसका दान कर दे, तो समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के लिए सहायता का एक बड़ा आधार तैयार हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रयास टीम सभी अन्नदाताओं की आभारी है और ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में डब्बू सिंह, अरुण पाठक, विनोद कुमार गुप्ता, चंद्रदेव सिंह (प्रधान पति), रविंद्र सिंह, सावित्री देवी, रुक्मणी देवी, रोशन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *