आजमगढ़ का 50 हजार का इनामिया गैंगस्टर हरियाणा में STF के हाथों गिरफ्तार, अंतरप्रांतीय शराब तस्कर गिरोह का सक्रिय सदस्य दबोचा गया

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त अंतरप्रांतीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अवैध शराब तस्करी सहित कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में थाना देवगांव क्षेत्र में अभिलेखों के परीक्षण के दौरान हरियाणा के शातिर अपराधियों के एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। इस गिरोह का सरगना सुनील कुमार पुनिया निवासी रुपावास, सिरसा (हरियाणा) बताया गया, जो अपने सहयोगी विकास सोरण के साथ मिलकर अवैध शराब तस्करी जैसे अपराधों को अंजाम देता था।
15 फरवरी 2023 को इस गिरोह द्वारा हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पुलिस ने बरामद की थी। इस मामले में थाना देवगांव पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और बाद में गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त विकास सोरण पुत्र किताब सिंह निवासी ग्राम कोथकला, थाना हिसार, हरियाणा को 18 अप्रैल 2026 को शाम करीब 6:45 बजे एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज और मेंहनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लाकर थाना मेंहनगर में दाखिल किया गया।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त पर पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पहले ₹25,000 और बाद में ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त—
विकास सोरण पुत्र किताब सिंह, निवासी ग्राम कोथकला, थाना हिसार, प्रांत हरियाणा
पंजीकृत अभियोग—
मु0अ0सं0 390/2023 धारा 3(1) गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, थाना देवगांव, आजमगढ़
मु0अ0सं0 70/2023 धारा 419/420/467/468/471 भादवि व 60/63/72 आबकारी अधिनियम, थाना देवगांव, आजमगढ़
आपराधिक इतिहास—
अभियुक्त के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह समेत पुलिस टीम और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *