






आजमगढ़, 27 अप्रैल। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज आजमगढ़ में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा सेल्फी प्वाइंट का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आमजन से जनगणना कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य की योजनाओं की दिशा तय करते हैं।
उन्होंने बताया कि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही प्रभावी योजनाओं के निर्माण और उनके सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस कार्य को सफल बनाए।
जनपद में जनगणना को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। करीब 10,000 प्रगणक एवं सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर आंकड़ों का संकलन करेंगे। जनपद की 8 तहसीलों और 16 नगर निकायों में कुल 9097 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLB) बनाए गए हैं, जिससे हर परिवार तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग दें और सही व सटीक जानकारी प्रदान करें, ताकि जनपद और देश के समग्र विकास के लिए बेहतर योजनाएं बनाई जा सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
