


आजमगढ़। जनपद के महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के महाजी देवारा जदीद गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलम पत्नी राम प्रकाश निषाद एवं राम प्रकाश निषाद पुत्र श्रीपत निषाद को विवाद के दौरान चोटें आईं। परिजनों का आरोप है कि अंगद व पंकज पुत्रगण श्रीपत निषाद तथा उनके परिजनों ने पहले नीलम के साथ मारपीट की। इसकी सूचना मिलने पर राम प्रकाश निषाद जब विरोध जताने पहुंचे तो विपक्षियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्रभारी अधीक्षक डॉ. योगेश कुमार गौतम ने बताया कि नीलम बेहोशी की हालत में थीं तथा राम प्रकाश के हाथ में गंभीर चोट पाई गई। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
