






आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला थाना इलाके के बस्ती भुजबल बाजार में बीती रात चोरी की एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जिसने स्थानीय व्यापारियों में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभूपुर (पूरा बाजार) निवासी नीरज गुप्ता पुत्र घुरहू बस्ती भुजबल बाजार में किराये के मकान में रहकर किराना दुकान चलाते हैं। रविवार रात वह दुकान बंद कर करीब 50 मीटर दूर एक बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे जब वह दुकान पर लौटे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कैश बॉक्स गायब था।
जांच करने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते सीढ़ी पर लगे पतरे को हटाकर दुकान के अंदर दाखिल हुए थे। चोरों ने काउंटर में रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद, दो पेटी काजू और एक बोरी बादाम समेत लगभग 3 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी का तरीका और भी हैरान करने वाला सामने आया। फुटेज में दिख रहा है कि रात करीब 1:40 बजे एक व्यक्ति पूरी तरह नग्न अवस्था में, पहचान छिपाने के लिए पहले चेहरे को कपड़े से बांधकर और फिर सिर पर बाल्टी रखकर दुकान में घुसा और कैश बॉक्स लेकर फरार हो गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना स्थल से महज 20 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ स्थित है, जहां रात में दो गार्ड तैनात रहते हैं और अक्सर डायल 112 की गाड़ी भी खड़ी रहती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में रोष व्याप्त है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
थाना प्रभारी अहरौला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
