






आजमगढ़। शहर के रैदोपुर काली चौरा क्षेत्र में एक परिवार ने बेटी के जन्म को उत्सव में बदलते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया। पत्रकार चंदन के परिवार में नन्ही परी के आगमन पर पूरे घर में खुशी का माहौल देखने को मिला। परिजनों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर “बेटी है सम्मान, बेटी है अभिमान” का संदेश जीवंत कर दिया।
नवजात के जन्म की खबर मिलते ही परिजन और शुभचिंतक घर पहुंचने लगे। ढोल-नगाड़ों और खुशियों के माहौल के बीच बच्ची का स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस खुशी को साझा किया।
स्वागत समारोह में परिवार की इंजीनियर सीमा चंदन, राज्य कर्मचारी आशा, अधिवक्ता श्यामजीत, नीतू चंदन, महिला पुलिस कर्मी ज्योति चंदन, रोडवेज कर्मचारी रमजनम, ममता, डिप्लोमा इंजीनियर शुभम, बीएड प्रशिक्षु शिवम, नीलू चंदन सहित बड़ी संख्या में परिजन मौजूद रहे। इसके अलावा वेलकम, अंश, तेजस चंदन, तेजस्वनी चंदन, टेंशन, टिनी और अद्दू समेत बच्चों ने भी खुशी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर पत्रकार मनोज जायसवाल, रामसिंह यादव और अश्वनी यादव भी पहुंचे और परिवार को शुभकामनाएं दीं। सभी ने बेटी के जन्म को गर्व और सम्मान का प्रतीक बताते हुए समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
परिजनों ने कहा कि बेटियां घर की रौनक होती हैं और उनके जन्म पर खुशी मनाना हर परिवार की जिम्मेदारी है। यह आयोजन न सिर्फ परिवार की खुशियों का प्रतीक बना, बल्कि समाज को भी एक प्रेरणादायक संदेश दे गया।
