मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर मातृ शक्तियों का सम्मान, नारी शक्ति संस्थान ने किया आयोजन

Uncategorized

आजमगढ़: नारी शक्ति संस्थान की ओर से अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को “अभिनंदन हर मां को, सम्मान हर नारी को” कार्यक्रम के तहत मातृ शक्ति सम्मान 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था के केंद्रीय कार्यालय स्थित सभागार में सम्पन्न हुआ, जहां समाज और परिवार के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता डॉ नेहा दुबे ने की, जबकि संचालन अनिता श्रीवास्तव ने किया।
इस वर्ष मातृ शक्ति सम्मान 2026 से उषा बरनवाल, अमरावती राय, किरन गोंड़, दुर्गा देवी तथा चिंतामणि को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं को विषम परिस्थितियों में भी सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने परिवार और बच्चों को शिक्षित एवं सामाजिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
संस्था की सचिव डॉ पूनम तिवारी ने कहा कि सम्मानित मातृ शक्तियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए परिवार के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं संस्था अध्यक्ष मंजू उपाध्याय ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को प्रेरित करना है ताकि वे कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के अंत में डॉ नेहा दुबे ने सभी उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ प्रीति गुप्ता, सुषमा बरनवाल, रश्मि डालमिया, संजू चौधरी, आस्था राय, अनिता आलोक श्रीवास्तव, नीता बरनवाल सहित संस्था की संरक्षक, पदाधिकारी और सक्रिय सदस्य मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *