






आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर बरहतिल गांव निवासी राकेश प्रजापति के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों के अनुसार राकेश रोजी-रोटी कमाने के लिए शारजाह गया था और 13 मई बुधवार की सुबह वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरा था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा।
काफी देर तक संपर्क न होने पर परेशान परिजन उसकी तलाश में वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे और वहां स्थित पुलिस चौकी को मामले की सूचना दी। परिजनों का कहना है कि एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज में राकेश एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।
राकेश के अचानक लापता होने से परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं। परिजनों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की है। साथ ही मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है, ताकि जल्द से जल्द उसकी खोजबीन कराई जा सके।
