बलिया-शाहगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत, पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बलिया-शाहगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर आरपीएफ और सिधारी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मृतका की पहचान शाहगढ़ निवासी कलावती देवी (65 वर्ष) पत्नी श्यामलाल राम के रूप में हुई। मृतका के बड़े पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां शुक्रवार सुबह घर से निकली थीं। रेलवे ट्रैक पार करते समय वह बलिया-शाहगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। भीड़ के बीच पहुंचे पुत्र विनोद कुमार ने शव की पहचान अपनी मां कलावती देवी के रूप में की। इसके बाद सिधारी थाना के उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *