






आजमगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 78 अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्यवाही की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2025 से अब तक हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गोवध, गो-तस्करी, हत्या का प्रयास, चोरी, नकबजनी, अपमिश्रित शराब, धोखाधड़ी, दुष्कर्म और मारपीट जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई की गई है।
पुलिस विभाग का कहना है कि चिन्हित अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का भय कायम हो।
थाना वार कार्रवाई की बात करें तो गम्भीरपुर और अहरौला थाना क्षेत्र से 11-11 अपराधियों, मुबारकपुर और निजामाबाद से 6-6, महराजगंज, जीयनपुर और सिधारी से 5-5, फूलपुर और अतरौलिया से 4-4, मेंहनगर, कंधरापुर और तरवां से 3-3, नगर कोतवाली, मेहनाजपुर, देवगांव और बिलरियागंज से 2-2 तथा रौनापार, तहबरपुर, सरायमीर, बरदह और कप्तानगंज थाना क्षेत्र से 1-1 अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई की गई है।
