






आजमगढ़/मऊ। मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मी गांव के पास देर रात दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब भाजपा के पूर्व एमएलसी के घर आयोजित 13वीं कार्यक्रम से स्कॉर्पियो सवार लोग लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि लौटते समय किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी में आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के ढांचुला निवासी अमरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें चार गोलियां लगी हैं।
घटना के बाद अमरेश सिंह के समर्थकों ने उन्हें आनन-फानन में आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं फायरिंग के बाद दूसरे पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार दोनों गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में यह खूनी संघर्ष हुआ। घटना की सूचना मिलते ही देर रात से ही दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ अस्पताल में जुटने लगी, जिससे तनाव की स्थिति बनी रही।
मामले में चिरैयाकोट थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना मऊ जिले की सीमा में हुई है, हालांकि दोनों पक्ष आजमगढ़ जनपद के बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
