आजमगढ़ में चला बड़ा यातायात अभियान, 241 वाहनों पर कार्रवाई, देर रात तक कार्रवाई, चालकों के नशे में वाहन चलाने को लेकर की जांच

Uncategorized

आजमगढ़। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने शनिवार को बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया। थाना कोतवाली क्षेत्र के करतालपुर चौराहे पर दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 241 वाहनों का चालान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज कुमार श्रीवास्तव और सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, निरीक्षक यातायात तथा क्रिटिकल कॉरिडोर (सीसी) टीम भी मौके पर मौजूद रही।
पुलिस ने अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। कार्रवाई के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव, मॉडीफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, सीट बेल्ट न लगाने और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ सख्ती दिखाई गई।
अभियान में कुल 241 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 11 ड्रंक एंड ड्राइव, 25 प्रेशर हॉर्न, 19 मॉडीफाइड साइलेंसर, 41 सीट बेल्ट न लगाने, 2 ब्लैक फिल्म लगे वाहन तथा 143 अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामले शामिल रहे।
आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *