उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आजमगढ़ दौरा, पीएचसी कोइनहा का किया निरीक्षण,

Uncategorized

आजमगढ़, 09 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार को जनपद आजमगढ़ के दौरे पर पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वह बड़सरा खालसा (पोस्ट-कोइनहा, थाना कप्तानगंज) स्थित हेलीपैड पर उतरे, जहां से सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कोइनहा पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी कक्ष का भी अवलोकन किया, जहां जांच प्रक्रिया, रिपोर्ट व्यवस्था और पंजिकाओं की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने महिला वार्ड, इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग कक्ष और सामान्य वार्ड का निरीक्षण कर वहां मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने सभी को जनहित को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों से भी उप मुख्यमंत्री ने संवाद किया। उन्होंने खांसी से पीड़ित मीरा देवी, दर्द से परेशान श्याम कली, अजय और लालचंद यादव से उनकी समस्याएं सुनीं और चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि सभी मरीजों का तत्काल परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
पीएचसी परिसर में स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का भी उन्होंने निरीक्षण किया। यहां ओपीडी पंजिका का अवलोकन करते हुए उन्होंने प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अस्पताल में साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाएं और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों की सराहना की।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ननकू राम वर्मा को निर्देश दिया कि पीएचसी कोइनहा की तर्ज पर जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), जिला एवं मंडलीय अस्पतालों का दो माह के भीतर मेंटीनेंस कराया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के रखरखाव के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी संस्थानों को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मीडिया से बातचीत के दौरान ब्रजेश पाठक ने बताया कि जनपद में जल्द ही न्यूरो सर्जन की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान समय में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा, जांच और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
अपने दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक के ग्राम बड़सरा खालसा स्थित आवास पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय राधेश्याम पाठक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माता-पिता का साया जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस मौके पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, उप जिलाधिकारी संत रंजन, उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर अभय राज पांडेय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री,ऊर्जा मंत्री,खेल एवं युवा कल्याण मंत्री,आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री,कारागार मंत्री व अन्य द्वारा एमएलसी विजय बहादुर पाठक के पिता के निधन पर उनके आवास पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि


मा0 मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग, सूर्य प्रताप शाही, मा0 ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा, मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण उ0प्र0 गिरीश चन्द्र यादव, मा0 राज्यमंत्री, आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ0 दयाशंकर मिश्र दयालु, मा0 कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान एवं अन्य जन प्रतिनिधियों द्वारा जनपद आजमगढ़ के ग्राम बड़सरा खालसा पहुंचकर मा0 सदस्य विधान परिषद विजय बहादुर पाठक के पिता राधेश्याम पाठक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।

मा0 कृषि मंत्री, मा0 ऊर्जा मंत्री, मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण, मा0 आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री, मा0 कारागार मंत्री व अन्य द्वारा दिवंगत के पार्थिव चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आजमगढ ध्रुव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *