आजमगढ़ में करंट का कहर: सिंचाई के दौरान दो किसानों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। जिले के जहानागंज और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में गुरुवार को करंट लगने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसे खेत की सिंचाई के दौरान नलकूप का स्विच ऑन करते समय हुए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के महुआ मुरादपुर गांव की है। यहां 36 वर्षीय सोनू यादव गुरुवार की रात खेत की सिंचाई के लिए अपने निजी नलकूप का मोटर चालू करने गए थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं दूसरी घटना कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली टोडरपुर गांव की है। गांव निवासी 59 वर्षीय जितेंद्र कुमार धान की रोपाई के लिए खेत में पानी भरने के उद्देश्य से पास स्थित सरकारी नलकूप पर गए थे। जैसे ही उन्होंने नलकूप का स्विच ऑन किया, वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक जितेंद्र कुमार अपने पीछे दो पुत्र और चार पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। दोनों घटनाओं से गांवों में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *