





आजमगढ़। दीवानी कचहरी परिसर और आसपास के इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ बवाली मोड़ के पास से उग्रसेन चौहान (30) पुत्र मन्तलाल चौहान निवासी ईदिलपुर बजहां थाना जहानागंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दीवानी कचहरी परिसर और आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों की चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इस संबंध में अलग-अलग पीड़ितों की तहरीर पर कोतवाली थाने में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच में एक संगठित गिरोह द्वारा इन घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कचहरी परिसर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों और अन्य सामान की चोरी करता था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
