
आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में 70 वर्षीय वृद्ध भुआल चौहान की निर्मम हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में वांछित आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, अवैध तमंचा, कारतूस, खून से सने कपड़े और घटना में प्रयुक्त अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 10/11 जून की रात भुआल चौहान अपने घर के बाहर पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र कर्मराज चौहान की तहरीर पर कोतवाली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 12 जून की रात सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग होते हुए एक्सप्रेस-वे की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगा। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के आत्मसमर्पण के निर्देश के बावजूद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसकी मां के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, दो चाकू, खून लगा गमछा और खून से सनी टी-शर्ट बरामद की है। आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
