आजमगढ़ का गांजा तस्कर वाराणसी में कर रहा था सप्लाई, 30 लाख के गांजे के साथ STF ने दबोचा, सिल्क की साड़ी लिखे कुरियर पैकेट में आसाम से आता था गांजा

Uncategorized

आजमगढ़/वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए आजमगढ़ निवासी एक तस्कर को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये से अधिक कीमत का 123 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। तस्करी के लिए गांजे को सिल्क साड़ी के पार्सल के रूप में भेजा जाता था।
एसटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र का रहने वाला प्रेमचंद मौर्य असम से गांजा मंगवाकर वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ वाराणसी फील्ड यूनिट के इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान टीम एक कोरियर गोदाम तक पहुंची, जहां तलाशी लेने पर सिल्क साड़ी लिखे पैकेटों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का कुल वजन 123 किलोग्राम बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोरियर कंपनी के मैनेजर की मदद से गांजे की खेप ट्रांसपोर्ट और कोरियर के माध्यम से वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर और देवरिया के तस्करों तक पहुंचाता था। वाराणसी भेजे जाने वाले पार्सलों पर सिल्क साड़ी लिखकर फर्जी नाम और पते की रसीद तैयार की जाती थी, ताकि किसी को संदेह न हो।
आरोपी ने बताया कि गांजे की खरीद-फरोख्त का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाता था और तस्करों से करीब 3800 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से पैसा लिया जाता था। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामदगी और पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *