
आजमगढ़। कोको गेम एप डाउनलोड कर गेम खेलने के दौरान साइबर धोखाधड़ी की शिकार हुई महिला को राहत मिली है। फूलपुर थाना साइबर हेल्पडेस्क की कार्रवाई से पीड़िता को 1,29,914.24 रुपये वापस करा दिए गए। महिला के साथ करीब 1.30 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी।
फूलपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर जोखू गांव निवासी ममता पत्नी विजेन्द्र यादव ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 33103260051229 के माध्यम से उन्होंने बताया कि कोको गेम एप डाउनलोड कर गेम खेलने के दौरान उनके साथ लगभग 1,30,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई।
शिकायत मिलने के बाद फूलपुर साइबर हेल्पडेस्क ने संबंधित बैंक को नोटिस भेजकर धोखाधड़ी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर बैंक के नोडल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित किया गया। प्रक्रिया पूरी होने पर पीड़िता को 1,29,914.24 रुपये वापस करा दिए गए।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानंद और महिला आरक्षी पूजा पांडेय शामिल रहीं।
आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट https://cybercrime.gov.in/ पर भी शिकायत की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
