
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में राहगीरों को शर्बत पिलाने के दौरान एक युवक के साथ मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शेखूपुर गांव निवासी आशीष कुमार पुत्र शम्भूनाथ ने बिलरियागंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 27 जून को गांव के कुछ युवक भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों को शीतल जल, जूस और शर्बत वितरित कर रहे थे। इसी दौरान वह अपने साथी आनंद के साथ गिलास लेने बाइक से घर जा रहा था।
आरोप है कि रास्ते में एक युवक से वाहन बनवाने की बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी शेखूपुर मदरसे के सामने कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद रेहान, अदनान और उनके साथ अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान हाथ में पहने कड़े से भी हमला किया गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह आरोप पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पटवध से बबलू राय की रिपोर्ट
