मलेशियाई नागरिक होने के बाद भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले आरोपी की ₹2.33 लाख राशि जब्त

Uncategorized

आजमगढ़। सरकारी योजनाओं में कथित धोखाधड़ी कर लाभ लेने के मामले में निजामाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। न्यायालय के आदेश पर एक आरोपी के बैंक खाते में जमा ₹2,33,465 की धनराशि जब्त कर उसे सरकारी योजनाओं के खाते में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के सुराई गांव निवासी मोहम्मद कुद्दूस उर्फ कुद्दूस ने मलेशिया की नागरिकता और पासपोर्ट प्राप्त करने के बावजूद भारत में स्वयं को भारतीय नागरिक दर्शाते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया था। आरोप है कि उसने इसी आधार पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त किया।
मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के जरिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष समेत अन्य सरकारी योजनाओं से आर्थिक लाभ हासिल किया। जांच के दौरान उसके बैंक खाते में मौजूद ₹2,33,465 की राशि को अपराध से अर्जित धन मानते हुए फ्रीज कर दिया गया था।
पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-10, आजमगढ़ ने 24 जून 2026 को धारा 107(2) बीएनएसएस के तहत उक्त धनराशि के अधिग्रहण और जब्तीकरण का आदेश पारित किया। आदेश के अनुसार यह राशि संबंधित सरकारी योजनाओं में जमा कराई जाएगी।
इस मामले में आरोपी मोहम्मद कुद्दूस के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी, कूटरचना और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *