
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब चार बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 185.8 के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी 44 वर्षीय महिपाल सिंह पुत्र नरपत सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान बिहार के छपरा जनपद निवासी 35 वर्षीय अमरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र चितरंजन के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार अमरेंद्र प्रताप सिंह उदयपुर स्थित मैरियट होटल में कार्यरत हैं। वह अपने गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब एक माह पहले उदयपुर से अपने पैतृक गांव कोठिया जलालपुर आए थे। मंगलवार को वह वापस उदयपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम और पवई पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया, जहां से आगे उपचार की व्यवस्था की गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि मृतक महिपाल सिंह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है।
