फर्जी फर्म के नाम पर बैंक खाता खोल साइबर ठगी का पैसा उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3 करोड़ से ज्यादा की ठगी, 229 शिकायतों से जुड़ा खाता उजागर

Uncategorized

आजमगढ़। साइबर सेल ने फर्जी फर्म के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगी की धनराशि के लेन-देन में सहयोग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी का बैंक खाता राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की 229 शिकायतों से जुड़ा मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और साइबर ठगी से संबंधित 1,910 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बैंक खाते की जांच के दौरान खाताधारक रवि कुमार निवासी फत्तनपुर, थाना सरायमीर को पूछताछ के लिए बुलाया गया। डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2025 में उसने अपने साथी जितेंद्र कुमार के कहने पर “आर.जे. इन्फ्रा” नाम से फर्जी फर्म बनाकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की हरबंशपुर शाखा में करंट खाता खुलवाया था। इसके बाद पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने साथी को सौंप दिए। इसके बदले उसे पहले 15 हजार और बाद में 5 हजार रुपये कमीशन मिला। इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसके लेन-देन के लिए किया जाता था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद 1,910 रुपये साइबर ठगी की रकम का शेष हिस्सा है। बैंक द्वारा खाते पर साइबर शिकायत की जानकारी मिलने के बाद उसका साथी फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी समेत पूरे साइबर नेटवर्क और अन्य बैंक खातों की जांच कर रही है।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम में धारा 317(2), 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, चेकबुक या एटीएम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, क्योंकि ऐसा करना भी साइबर अपराध में सहभागिता माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *