
आजमगढ़। साइबर सेल ने विदेशी साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में सहयोग करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक आईफोन-16, तीन एटीएम कार्ड और साइबर ठगी से संबंधित 2,020 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी शिकायत और संदिग्ध एटीएम आईडी की जांच के दौरान बैंक खाते के धारक यशवीर सिंह निवासी कड़सारी गौतम, जनपद बस्ती को पूछताछ के लिए साइबर सेल बुलाया गया। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका संपर्क टेलीग्राम के माध्यम से साइबर अपराधियों से हुआ था। अधिक कमाई का लालच देकर उन्होंने उसका बैंक खाता अपने उपयोग में ले लिया। साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि उसके खाते में भेजी जाती थी, जिसे वह एटीएम से निकालकर अपना कमीशन रखता और शेष रकम साइबर अपराधियों द्वारा बताए गए अन्य बैंक खातों में सीडीएम मशीन के माध्यम से जमा कर देता था। बाद में बैंक द्वारा खाता होल्ड किए जाने पर उसका संपर्क साइबर अपराधियों से टूट गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन-16, एचडीएफसी, एयरटेल पेमेंट बैंक और एसबीआई के तीन एटीएम कार्ड तथा 2,020 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद नगदी साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का शेष हिस्सा है।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में धारा 317(2), 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल, बैंक खातों और साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
