ओबीसी जनगणना की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Uncategorized

आजमगढ़। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत रविवार को जिले में तीसरे चरण का प्रदर्शन और रैली आयोजित की गई। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने स्थित रिक्शा स्टैंड पर एकत्र हुए और ओबीसी जनगणना की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।
रैली रिक्शा स्टैंड से शुरू होकर दिवानी गेट, अग्रसेन चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने आगामी राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की अलग से गणना सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया में परिवारों की सामाजिक श्रेणी से संबंधित जानकारी के लिए सीमित विकल्प उपलब्ध हैं, जबकि ओबीसी वर्ग के लिए अलग से कोई स्पष्ट कॉलम नहीं दिया गया है। संगठन ने मांग की कि जनगणना प्रपत्र में ओबीसी समुदाय की अलग पहचान और गणना के लिए स्पष्ट प्रावधान किया जाए, ताकि इस वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का सही आंकड़ा सामने आ सके।
ज्ञापन में जनगणना के लिए उपयोग किए जा रहे डिजिटल ऐप के माध्यम से एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए गए। संगठन ने मांग की कि डिजिटल प्रक्रिया के साथ-साथ आंकड़ों के भौतिक सत्यापन की भी व्यवस्था की जाए, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि देश के 31 राज्यों के 626 जिलों में इसी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *