इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी का पैसा खाते में मंगाने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, गुजरात के ₹13.74 लाख के फ्रॉड से जुड़ा मामला

Uncategorized

आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर हुई साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खाते में मंगाकर एटीएम से निकालने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। जांच में उसके बैंक खाते का लिंक गुजरात में दर्ज 13.74 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत से मिला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खाते से लिंक सिम सहित एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खाते के धारक क्लिनिक संचालक रामाश्रय सरोज निवासी सोफीपुर, थाना देवगांव को पूछताछ के लिए बुलाया गया। बैंक खाते के स्टेटमेंट और तकनीकी विश्लेषण में वह अपने साथी गुड्डू कुमार के साथ साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल पाया गया। इसके बाद 8 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि मंगवाता था। इसके बाद एटीएम से नकदी निकालकर अपना कमीशन रखता और बाकी रकम अपने साथी को सौंप देता था। इस तरह दोनों मिलकर साइबर ठगी से अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे।

जांच के दौरान आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ गुजरात राज्य की एनसीआरपी शिकायत मिली, जिसमें इन्वेस्टमेंट के नाम पर 13.74 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज है। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 29/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी का साथी गुड्डू कुमार, निवासी बेलदारीपर, जिला नालंदा (बिहार), अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *