
आजमगढ़। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सरायमीर थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सरायमीर थाने में तैनात उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव और आरक्षी विकास कुमार यादव पर आरोप है कि उन्होंने अपने हल्का एवं बीट क्षेत्र में समुचित भ्रमण, प्रभावी गश्त और निगरानी नहीं की। साथ ही मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर प्रभावी अंकुश लगाने और संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने में भी लापरवाही बरती।
पुलिस ने बताया कि 3 जुलाई 2026 को बीनापारा पुलिया के पास वीरू सोनकर निवासी पूनापोखर, थाना सरायमीर को 50 पुड़िया अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जांच में सामने आया कि घटना स्थल संबंधित हल्का प्रभारी और बीट आरक्षी ने अपने क्षेत्र में प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई नहीं की थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
