अवैध नर्सिंग होम मामले में दो महिला कर्मचारी गिरफ्तार, मरीज की मौत के बाद हुई कार्रवाई, एक दिन पूर्व आक्रोशित परिज़नों संग ग्रामीणों ने किया था अस्पताल के बाहर हंगामा, मुश्किल में हुआ था काबू

Uncategorized

आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम के मामले में वांछित दो महिला कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में की गई।
पुलिस के अनुसार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार की शिकायत पर पवई लाड़पुर स्थित डॉ. अंगद पाल के कथित रूप से अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि उनके मरीज का उपचार 12 फरवरी 2026 को इसी नर्सिंग होम में हुआ था। हालत गंभीर होने पर मरीज को रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 10 जुलाई 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
निरीक्षण के समय नर्सिंग होम संचालक डॉ. अंगद पाल मौके पर नहीं मिले, जबकि स्टाफ के रूप में रेनू विश्वकर्मा और रोशनी मौजूद थीं। जांच में यह भी सामने आया कि नर्सिंग होम में कोई वैध चिकित्सक कार्यरत नहीं था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम को सील कर दिया और सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को पवई लाड़पुर स्थित किराये के कमरे से रेनू विश्वकर्मा और रोशनी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, नर्सिंग होम के संचालक डॉ. अंगद पाल की तलाश जारी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *